एम्स में आने वाले मरीजों के तीमारदारों की मदद के लिए माधव सेवा विश्राम सदन का 3 जुलाई को होगा लोकार्पण।
ऋषिकेश
एम्स में आने वाले मरीजों के तीमारदारों की मदद के लिए वीरभद्र रोड पर बने माधव सेवा विश्राम सदन का लोकार्पण 3 जुलाई को होगा। लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघ संचालक मोहन भागवत पहुंचेंगे।
इस संबंध में आज माधव सेवा विश्राम सदन का निर्माण करने वाली भाऊराव देवरस सेवा न्यास के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोयल, सचिव राहुल सिंह और प्रोजेक्ट मैनेजर संजय गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि एम्स में आने वाले मरीजों के तीमारदारों की मदद के लिए यह विश्रम सदन बनाया गया है। 30 करोड़ की लागत से बना यह विश्राम सदन देश का छठा सदन है। इसमें 120 कमरे हैं जिसमें 430 बेड की व्यवस्था है। मरीजों को तीमारदारों को एम्स के रिकमेंडेशन पर यहां पर रहने खाने की व्यवस्था मिलेगी। अधिकतम 14 दिन यहां पर तीमारदारों को रोका जाएगा। इसके लिए उनको 300 रुपए में कमरा और 55 से 75 रुपए में बेड की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा 10 रुपए में नाश्ता और 30 रुपए में भरपेट भोजन दिया जाएगा। एम्स के अलावा अन्य किसी भी अस्पताल के तीमारदारों को यह सुविधा विश्राम सदन में नहीं मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस सदन को बनाने के लिए देश के साथ विदेश में रहने वाले 150 खास दानदाताओं ने अपना सहयोग दिया है। इस सदन में वाचनालय सत्संग और बच्चों के खेल की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। इस विश्रम सदन के तैयार होने से उत्तर प्रदेश के साथ-साथ गढ़वाल के मरीजों के तीमारदारों को बहुत मदद मिलेगी। जिससे उनके समय और धन की बर्बादी बचेगी।




