Homeहल्द्वानी

अग्निकांड के बाद प्रशासन का एक्शन, फायर सेफ्टी में लापरवाही पर पांच गोदाम सील।

हल्द्वानी

रिपोर्टर मजहिर खान

हल्द्वानी में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। गोदाम में लगी आग से जहां लाखों रुपये का नुकसान हुआ था, वहीं दो लोगों की दर्दनाक मौत भी हो गई थी। घटना के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे और शहरभर में बड़े गोदामों तथा कमर्शियल प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश जारी किए थे। प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है।

अग्निकांड के बाद प्रशासन, अग्निशमन विभाग और संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा शहर में ताबड़तोड़ निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर अब तक पांच बड़े गोदामों और प्रतिष्ठानों को सील किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन द्वारा गोदामों, व्यावसायिक भवनों और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास, अग्निशमन प्रणाली और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। जिन संस्थानों में खामियां मिल रही हैं उन्हें नोटिस जारी करने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि पूर्व में हुई घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिले में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन का उद्देश्य किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

 

Related Articles

Back to top button