
विकासनगर देहरादून
सहसपुर विधानसभा के गांव उमीदपुर में अब पुलिस की निगरानी और सख्त हो गई है। ग्रामीणों की लगातार मांग के बाद जिला पंचायत की पहल पर पुलिस के लिए एक अस्थाई चैक पोस्ट का निर्माण कराया गया है। थाना बसंत विहार पुलिस अपने बेहतर कार्यों को लेकर पहले से ही चर्चा में रही है और आज इसी कड़ी में एक नई पहल देखने को मिली।
उमीदपुर गांव स्थित काली पुलिया को लेकर लगातार खबरें सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। इसी के तहत थाना बसंत विहार प्रभारी अशोक राठौर अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रिबन काटकर अस्थाई चैक पोस्ट का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, वहीं जिला पंचायत सदस्य खुशबू गुरुंग भी कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने चैक पोस्ट निर्माण के लिए जिला पंचायत और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे क्षेत्र में यातायात नियंत्रण के साथ-साथ अपराधों पर भी अंकुश लगेगा।

वहीं थाना प्रभारी बसंत विहार अशोक राठौर ने ग्रामीणों और जिला पंचायत का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह चैक पोस्ट क्षेत्र की सुरक्षा को और मजबूत करेगा तथा आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करने में पुलिस को मदद मिलेगी।




