Homeहल्द्वानी

कांग्रेस की ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ पर राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य का पलटवार, कहा- बेटी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध। 

लालकुआं/हल्द्वानी

रिपोर्टर मजहिर खान

– हल्द्वानी ​कांग्रेस पार्टी द्वारा निकाली जा रही ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ पर पलटवार करते हुए उत्तराखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने जोरदार हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिस बेटी के नाम पर कांग्रेस सड़कों पर उतरकर राजनीति कर रही है, उसे न्याय दिलाने के लिए राज्य की धामी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

यहाँ अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की एक प्रतिभाशाली बेटी थी। उसके साथ घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर पुष्कर सिंह धामी सरकार ने त्वरित कार्रवाई की। मामले के तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जहाँ अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके अलावा, मामले में सीबीआई जांच भी चल रही है इसके बावजूद कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे पर केवल सस्ती राजनीति चमकाने का प्रयास कर रही है।

*​वीआईपी (VIP) मुद्दे पर सबूत पेश करने की चुनौती*

इसके साथ ही ​कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे कथित वीआईपी के मुद्दे पर करारा प्रहार करते हुए सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि अगर कांग्रेस के पास कोई ठोस सबूत या कोई नाम है, तो उसे हवा में तीर चलाने के बजाय जनता और जांच एजेंसियों के सामने पेश करना चाहिए। केवल बेबुनियाद आरोप लगाकर प्रदेश की जनता को भ्रमित करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है।

*​भाजपा पूरे प्रदेश में निकालेगी ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा*

​ श्री आर्य ने कहा कि कांग्रेस कभी वोट चोरी तो कभी ईवीएम का नाटक कर प्रदेश के युवाओं को भड़काने और समाज में भ्रम पैदा करने का काम कर रही है। कांग्रेस की इसी विघटनकारी नीति और दोहरे चरित्र का पर्दाफाश करने तथा युवाओं को जागरूक करने के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ निकालेगी।

​उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर भली-भांति समझ चुकी है। पिछले तीन लोकसभा और दो विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता ने भाजपा पर एकतरफा विश्वास जताया है। जनता कांग्रेस को उसकी इस नकारात्मक राजनीति का करारा जवाब जल्द ही देगी। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब आगामी चुनाव में भी देगी।

 

Related Articles

Back to top button