
नैनीताल
नैनीताल जिले के रामनगर में तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अपर कोसी क्षेत्र में शनिवार सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया। सुबह करीब 6:30 बजे भारी पुलिस बल, वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई। अभियान के दूसरे चरण के तहत करीब 80 से 82 परिवारों के कच्चे और पक्के मकानों को हटाया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बीच वर्षों से यहां रह रहे परिवारों के सामने आशियाने छिनने और बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है।

अपर कोसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मौके पर पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ वन विभाग, जिला प्रशासन तथा अग्निशमन विभाग की टीम तैनात की गई है। अधिकारियों की निगरानी में चिन्हित मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना है, जबकि प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की चुनौती बनी हुई है।




