
हरिद्वार/सिडकुल।
ईएलसी कार्यालय द्वारा जारी पत्र के आधार पर आज पेंटागन मॉल स्थित रीजनल मैनेजर सिडकुल कार्यालय में श्रम आयुक्त महोदय के समक्ष श्रमिक प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सिडकुल क्षेत्र के विभिन्न संगठनों एवं यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा से जुड़ी यूनियनें भी इस बैठक में शामिल हुईं।
बैठक में संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा से जुड़े संगठनों — इंकलाबी मजदूर केंद्र, फूड्स श्रमिक यूनियन आईटीसी, एवरेडी मजदूर यूनियन, देवभूमि श्रमिक संगठन हिंदुस्तान युनिलीवर, एवरेस्ट मजदूर यूनियन, भेल मजदूर ट्रेड यूनियन, पैकेजिंग एंड प्रिंटिंग मजदूर आईटीसी तथा कर्मचारी कल्याण यूनियन आईटीसी — के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा की ओर से श्रम आयुक्त महोदय को एक ज्ञापन सौंपा गया तथा कई महत्वपूर्ण श्रमिक समस्याओं को मौखिक रूप से भी प्रमुखता से रखा गया।
मोर्चा के संयोजक एवं फूड्स श्रमिक यूनियन के महामंत्री गोविंद सिंह ने कहा कि उत्तराखंड मॉडल स्टैंडिंग ऑर्डर में 80% स्थाई रोजगार का प्रावधान होने के बावजूद अधिकांश कंपनियां इसका उल्लंघन कर रही हैं। वर्तमान में कई कंपनियों में केवल 20% कर्मचारी ही स्थाई हैं जबकि 80% मजदूरों से ठेकेदारी एवं अस्थाई रूप में स्थाई प्रकृति का कार्य कराया जा रहा है।
मोर्चा द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि कई कंपनियों में मजदूरों को न्यूनतम वेतन, डबल ओटी भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, एएल, सीएल, एसएल जैसी सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं तथा कम्पनसेशन एक्ट के अंतर्गत उचित मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है। इस पर श्रम आयुक्त महोदय ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में सिडकुल क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा गया। मोर्चा ने कहा कि चौक-चौराहों पर पीने के पानी, श्रमिकों के बैठने हेतु शेड एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है, जिससे मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर श्रम आयुक्त महोदय ने सिडकुल आरएम को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा ने क्षेत्र की खराब सड़कों एवं बढ़ते सड़क हादसों का मुद्दा भी उठाया, जिस पर एडीएम प्रशासन द्वारा सड़क सुधार कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में गैस सिलेंडर की किल्लत एवं बढ़ती कीमतों से मजदूरों को हो रही समस्याओं को भी उठाया गया। जिला प्रशासन ने इस विषय पर आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
प्रवासी एवं बाहरी जिलों से आकर कार्य करने वाले मजदूरों के पुलिस वेरिफिकेशन संबंधी मुद्दे को भी मोर्चा द्वारा प्रमुखता से उठाया गया। मोर्चा ने मांग की कि पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया हरिद्वार में ही सरल बनाई जाए ताकि मजदूरों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा इस विषय को एसएसपी महोदय के समक्ष रखने का आश्वासन दिया गया।
मोर्चा के संयोजक गोविंद सिंह ने कारखानों में सुरक्षा उपकरणों की कमी एवं मजदूरों के चोटिल होने की घटनाओं का विषय उठाते हुए फैक्ट्रियों के औचक निरीक्षण तथा घायल मजदूरों को उपचार एवं वेतन सुनिश्चित करने की मांग की।
मोर्चा ने यह भी मांग रखी कि स्थाई प्रकृति के कार्यों पर कॉन्ट्रैक्ट वर्कर एवं अप्रेंटिस लगाए जाने पर रोक लगे तथा श्रम विभाग द्वारा इस पर सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में इंजीनियरिंग उद्योगों के न्यूनतम वेतन पुनरीक्षण का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर श्रम आयुक्त महोदय ने बताया कि इस संबंध में समिति गठित की जा चुकी है और जल्द ही इंजीनियरिंग उद्योगों के न्यूनतम वेतन का पुनरीक्षण किया जाएगा।
मोर्चा ने मांग की कि लेबर इंस्पेक्टर, एलसी एवं डीएलसी को कंपनियों में निरीक्षण की अनुमति दी जाए ताकि सरप्राइज ऑडिट कर श्रम कानूनों के पालन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके और औद्योगिक शांति कायम रहे।

संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा ने बहादराबाद, बेगमपुर गैस प्लांट क्षेत्र एवं पुराने सिडकुल रेलवे स्टेशन क्षेत्र की कई फैक्ट्रियों में न्यूनतम वेतन, डबल ओटी एवं अन्य श्रम सुविधाएं न दिए जाने की शिकायत भी प्रशासन के समक्ष रखी। इस पर श्रम आयुक्त महोदय ने स्पष्ट किया कि कंपनियों से लिखित जानकारी मांगी जा रही है तथा जांच में श्रम कानून उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित उद्योगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंत में संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों, सम्मान एवं सुरक्षा के लिए मोर्चा लगातार संघर्ष करता रहेगा तथा सिडकुल क्षेत्र के प्रत्येक मजदूर की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।संयुक्त मोर्चे की ओर से संयोजक एवं फूड्स श्रमिक यूनियन आईटीसी के महामंत्री गोविन्द सिंह,कोषाध्क्ष देवेंद्र भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के महामंत्री अवधेश कुमार, देव भूमि श्रमिक संगठन हिन्दूस्तान यूनिलीवर के महामंत्री दिनेश कुमार, उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह, एवरेडी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार,
एवरेस्ट इण्डस्ट्रीज मजदूर यूनियन के महामंत्री सतीश कुमार, इंकलाबी मजदूर केन्द्र के पंकज कुमार और जय प्रकाश, तथा आईटीसी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष अश्वनि कुमार, पैकेजिंग एंड प्रिटिंग मजदूर यूनियन के महामंत्री रवि कुमार चंदोला, एवं अन्य यूनियनों के पदाधिकारी व एचयूएल की सभी यूनियन तथा शोवा मुंजाल, एसकेएफ, व हीरो की मजदूर यूनियन उपस्थित रहे




