राजनीतिलालकुआं

लालकुआं विधानसभा 2027- भाजपा नेता उमेश शर्मा की धमाकेदार एंट्री, ठोकी मजबूत दावेदारी। 

लालकुआं

रिपोर्टर- मजहिर खान

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर सियासी तापमान अब तेजी से बढ़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं जमीनी नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमेश शर्मा ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर राजनीतिक हलकों में नई हलचल पैदा कर दी है।

यहाँ हल्दूचौड स्थित एक कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी दावेदारी किसी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों के संगठनात्मक संघर्ष, जनसेवा और पार्टी के प्रति समर्पण की स्वाभाविक परिणति है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के बाद से उनका पूरा जीवन भाजपा की विचारधारा और संगठन को समर्पित रहा है। राम मंदिर आंदोलन से लेकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन तक सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने संघर्ष, यातनाएं और जेल यात्रा तक का सामना किया।

उन्होंने बताया कि संगठन में बूथ अध्यक्ष से लेकर ग्रामसभा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, कुमाऊं मीडिया प्रभारी तथा नैनीताल जिला संगठन प्रमुख सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। युवा मोर्चा जिला मंत्री और किसान मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता के बीच मजबूत पकड़ बनाई।

उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा संगठन को सर्वोपरि रखा है। जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझा है और अब समय आ गया है कि लालकुआं की आवाज विधानसभा में मजबूती से उठाई जाए। यदि पार्टी नेतृत्व का आशीर्वाद मिला तो पूरी निष्ठा और ताकत के साथ चुनाव लड़कर इस सीट को भाजपा की झोली में डालने का प्रयास करूंगा।

उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के रोजगार और महिलाओं के सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिक प्राथमिकताएं बताते हुए क्षेत्रवासियों से सहयोग और आशीर्वाद की अपील भी की।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लंबे संगठनात्मक अनुभव, आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी और मजबूत जनसंपर्क के कारण उमेश शर्मा की दावेदारी को पार्टी के भीतर गंभीरता से देखा जा रहा है।

लालकुआं की सियासत में उमेश शर्मा की इस घोषणा को 2027 चुनावी रण का शुरुआती बिगुल माना जा रहा है, जिससे आगामी दिनों में राजनीतिक समीकरण और भी रोचक होने की संभावना है।

अब सबकी निगाहें भाजपा नेतृत्व के आगामी फैसले पर टिकी हैं, लेकिन इतना तय है कि लालकुआं विधानसभा की चुनावी जंग में उमेश शर्मा की एंट्री ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

 

 

Related Articles

Back to top button