
हल्द्वानी
हल्द्वानी तराई पूर्वी वन प्रभाग के अधिकारियों के सख्त निर्देशों के बाद वन विभाग की टीम ने अवैध वन तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आनंदपुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान वन कर्मियों ने अवैध कंजू लट्ठों से लदे एक कैंटर को पकड़ा है। वन विभाग की गाड़ी को देख चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया।
यहाँ प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी राहुल मिश्रा, उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी, और वन क्षेत्राधिकारी डौली प्रदीप कुमार पंत के दिशा-निर्देशों के तहत वन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे डौली रेंज की टीम ने यह सफलता हासिल की। वन विभाग डौली रेंज की टीम जब आनंदपुर मोड़ के पास मुस्तैद थी, तभी लालकुआं की ओर जा रहे एक कैंटर संख्या: RJ 37 GB 7198 को रुकने का इशारा किया गया।

पुलिस-प्रशासन और वन विभाग की सख्ती भांपते हुए चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया।जब वन कर्मियों ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें अवैध ‘कंजू लट्ठों से लदा हुआ पाया गया। वाहन चालक या मौके पर मौजूद अन्य लोगों द्वारा लकड़ी से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। जिसपर टीम ने बिना वैध कागजात के ले जाए जा रहे लकड़ी से भरे वाहन को भारतीय वन अधिनियम के मुकदमा दर्ज सीज कर लिया है। पकड़े गए वाहन को सुरक्षित डौली रेंज, लालकुआं परिसर में खड़ा कर दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई तेजी से गतिमान है।
इधर वन विभाग की टीम में वन दरोगा पान सिंह मेहता, टीसी राजेंद्र सिंह लटवाल और शाहिद बेग शामिल रहे। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।




